Tuesday, September 29, 2026

 बहुत कुछ खोया है


वो गर्मी की रातें,

वो छत पर टहलना,

वो चाँद को तकना,

वो तारों को गिनना...

नींद आती नहीं थी,

फिर भी सोते नहीं थे,

कितनी प्यारी थीं वो रातें,

जब हम कुछ भी खोते नहीं थे।

वो बारिश की बूँदें,

वो काग़ज़ की कश्ती,

वो नानी के घर की

छुट्टियों वाली मस्ती।

वो सर्दियों की शामें,

वो अलाव के किनारे,

वो दोस्तों के संग बैठकर

किस्से हज़ारों हमारे।

वो गलियों में साइकिल,

वो बेफ़िक्र-सी राहें,

वो छोटी-सी दुनिया

और छोटी-सी चाहें...

वो नुक्कड़ की बातें,

वो घंटों की गप्पें,

वो बिना बात हँसना,

वो बेवजह की शरारतें।

वो मासूम-सी आँखें,

वो चुपके से देखना,

वो नज़रें मिलते ही

फिर नज़रें चुरा लेना...

वो पहला-सा एहसास,

वो दिल का धड़कना,

वो नाम किसी का

काग़ज़ पर लिखना...

अब छत तो वही है,

मगर चाँद कहाँ है?

सितारे तो हैं,

पर वो बात कहाँ है?


बहुत कुछ खोया है...

इस बड़े हो जाने में,

बहुत कुछ पाया है...

बस वो बचपन नहीं पाया।

वक़्त की इस भीड़ में
सब कुछ तो साथ ले आए,
बस वो मासूम-सा दिल
उन्हीं गलियों में छोड़ आए।



No comments:

Post a Comment