नज़्म: "कुछ न कुछ छूट जाता है
नई मंज़िलों की कोशिश में,
पुराना सब कुछ छूट जाता है…
दरिया को पकड़ने की ख़्वाहिश में,
साहिल अक्सर छूट जाता है।
कुछ ख़्वाब जो बंद थे मुट्ठी में,
रेत-से चुपचाप फिसल जाते हैं,
हम थामे रहते हैं जितना उन्हें,
वो उतना ही दूर निकल जाते हैं।
अब इस मोड़ पे खड़ी है ज़िंदगी,
कि जो भी करूं—कुछ न कुछ छूट जाता है,
हर एक क़दम पे कोई अपना,
या कोई सपना—टूट जाता है।
उम्मीद लिए हम सब चलते हैं,
बिना ये जाने कहाँ जाना है,
न मंज़िल की कोई सूरत है,
न दिल में कोई अफ़साना है।
बस एक तमन्ना बची है अब—
ये सफ़र कहीं ख़ूबसूरत थम जाए,
किसी सुकून भरे मोड़ पे आकर,
ये किसी हसीन मंजर पे बेचैन दिल ठहर जाए।
इसी आस में, इसी तलाश में,
हम जीते भी हैं, मरते भी हैं…
कुछ पाने की ज़िद में अक्सर,
हम ख़ुद से ही बिछड़ते भी हैं।
No comments:
Post a Comment