Tuesday, June 16, 2026

Version 2 thoda naye jamne kanhunar sikh lo



मैं ये सब पहले नहीं था…

या शायद था, बस मानता नहीं था।


रिश्तों पर यक़ीन करता था मैं—हाँ, वही पुरानी बेवक़ूफ़ी,

जहाँ लोग एक-दूसरे को नहीं,

एक-दूसरे के जिस्म और फ़ायदे को समझते हैं।


अजीब बात है…

कोई निभा रहा है तो उसकी तारीफ़ नहीं होती,

बस ये पूछा जाता है—“मजबूरी क्या है?”


मैंने भी सोचा था कि सच काम आएगा,

कि ईमानदारी कोई रास्ता खोलेगी—

मगर यहाँ सच बोलना दरवाज़े बंद करना है,

और झूठ… एक हुनर है।


तुम हँसोगे शायद,

मगर मैंने अपना ज़मीर बचा के रखा था,

काफ़ी वक़्त तक…

फिर समझ आया—ये चीज़ रखने के लिए नहीं,

बेचने के लिए है इस दौर में।


और मोहब्बत…

नहीं, इस लफ़्ज़ को रहने देते हैं,

ये अब मुझ पर जँचता नहीं।


लोग कहते हैं “खुद बनो”,

मैंने कोशिश की थी—

नतीजा ये हुआ कि मैं कहीं का नहीं रहा।


अब देखो,

जो गिरते हैं, वही आगे बढ़ते हैं,

जो बचते हैं—वो पीछे छूट जाते हैं।


और ये जो दर्द है न…

इसे छुपाने का भी कोई मतलब नहीं रहा,

लोग अब दर्द को भी सजाकर बेच देते हैं,

मैं शायद अभी भी थोड़ा पुराना हूँ।


कभी-कभी लगता है,

इंसान होना ही सबसे बड़ी गलती थी,

थोड़ा-सा कम इंसान होता—

तो शायद ज़्यादा कामयाब होता।


खैर…

अब मैंने उम्मीद रखना छोड़ दिया है,

क्योंकि उम्मीद रखना भी

किसी और को हक़ दे देना है तुम्हें तोड़ने का।


और मैं…

अब टूटने के लिए भी तैयार नहीं हूँ 

No comments:

Post a Comment