मैं झुकूँगा नहीं
सब तो छले गए, तुम भी छले जाओगे,
वक़्त के हाथों तुम भी कुचले जाओगे।
अना रखोगे तो तोड़ दिए जाओगे,
सर उठाओगे, तो कुचले जाओगे।
झूठ को सच कहते रहो—बचे रहोगे,
सच को सच कह दोगे—मार दिए जाओगे।
इस दौर में आईना बनकर मत चलना,
चेहरा दिखलाओगे तो पत्थर खाओगे।
निरलज्जों की भीड़ में ज़मीर बचाओगे,
हर क़दम पर अपना ही लहू बहाओगे।
अपनों के लिए रात-दिन जलते रहोगे,
आख़िर अपनों से ही ठुकराए जाओगे।
फिर भी मैं सच कहूँगा—
मरना है तो सच बोलकर मरूँगा।
सर माँगेगा कोई—सर भी दे दूँगा,
मगर झूठ के आगे सर नहीं झुकाऊँगा।
अना पर आएगी तो सीना तान चलूँगा,
तूफ़ानों के बीच भी सीना तान चलूँगा।
चाहे राह में सूली हो, चाहे ज़हर का प्याला,
मैं अपनी शर्तों पर आख़िरी साँस लूँगा।
हाँ जनाब, अगर चाटुकार बन गया,
तो भीड़ में शायद मेरा नाम हो जाएगा।
मगर जिस दिन ज़मीर से नज़रें मिलेंगी,
उस दिन मेरा अपना ही चेहरा शर्मिंदा हो जाएगा।
फिर किस मुँह से ख़ुदा के सामने जाऊँगा?
किस हक़ से अपनी रूह को समझाऊँगा?
ज़मीर का सौदा करने से बेहतर है—
मैं मर जाऊँ, मगर बिकूँ नहीं।
नक़ाब पहनकर चलना मेरी फ़ितरत नहीं,
झूठी मुस्कान रखना मेरी आदत नहीं।
आँखों में आँखें डालकर सच कहता हूँ,
सच से बड़ी मेरी कोई इबादत नहीं।
मेरी ख़ामोशी को मेरी हार मत समझना,
मेरे सब्र को मेरी लाचारी मत समझना।
जिस दिन बाँध टूटेगा मेरे भीतर का,
उस दिन मेरी ख़ामोशी को तूफ़ान समझना।
आहुति माँगेगी अगर वक़्त कभी,
तो हँसकर अपना सिर चढ़ा दूँगा।
मेरी राख से भी अगर आवाज़ उठी,
तो सच का परचम बना दूँगा।
लो, उठा—मैं अब जाता हूँ,
ख़ैरात पर मैं ज़िंदा नहीं रह पाता हूँ।
ख़ुशामद की रोटी से बेहतर भूख है,
मगर अपना ज़मीर बेचकर नहीं खाता हूँ।
ज़मीर बचाने की जंग में
मैं अर्जुन-सा धनुष उठाए खड़ा हूँ।
मुझे गिराने वालों, सुन लो—
मैं हिमालय हूँ,
टकराओगे तो ख़ुद बिखर जाओगे।
तुम तलवारें लाओ, मैं सीना लाऊँगा,
तुम ज़ंजीरें लाओ, मैं आवाज़ लाऊँगा।
तुम रास्ते रोकोगे, मैं रास्ता बनाऊँगा,
तुम मिटाओगे—मैं फिर लिखा जाऊँगा।
कट सकता हूँ—कट जाऊँगा,
मिट सकता हूँ—मिट जाऊँगा,
टूट सकता हूँ—टूट जाऊँगा,
लेकिन—
झुकूँगा नहीं।
क्योंकि मौत से डरकर जीना भी क्या जीना,
और ज़मीर बेचकर जीना—
जीना नहीं, सिर्फ़ साँस लेना है।
इसलिए आख़िरी फ़ैसला भी मेरा होगा—
जान चली जाए, जाने दो,
ज़मीर नहीं जाएगा।
सब तो छले गए,
तुम भी छले जाओगे।
मगर याद रखना—
जो बिक गए, वो भीड़ में खो गए,
जो झुके नहीं—वही इतिहास हो गए।
No comments:
Post a Comment