Friday, August 28, 2026

कुछ इंकलाब किया जाए

 कुछ इंक़लाब किया जाए


फिर क्या ऐसे ही जिया जाए,

हाथ पर हाथ रखकर बैठा जाए?

गर कोई तुम्हारे स्वाभिमान से खेले,

तो क्या चुपचाप उसे सह लिया जाए?


सबकी हाँ में हाँ मिला ली जाए,

गुलामी की ज़ंजीर फिर पहन ली जाए?

सच को सच कहने से डरते रहें,

झूठ और फ़रेब से समझौता किया जाए?


यूँ ही देखकर सब कुछ अनदेखा किया जाए,

हर ज़ुल्म पर ख़ामोश रहा जाए?

जब भीतर आग धधकती हो सीने में,

तो क्या राख बनकर जिया जाए?


या फिर उठा जाए , हौंसला लेकर कुछ किया जाए 

आग  पानी में लगायी  जाए,

तो पहाड़ों को भी हिलाया  जाए।

जहाँ रुक गई हो सदियों से नदी,

वहाँ चट्टानों को तोड़कर रास्ता बनाया जाए।

जुगनुओं को फिर आफ़ताब बनाया जाए,

अँधेरों को रोशनी का जवाब दिया जाए।

हिम्मत अगर दिल में बची है अभी,

तो झूठ को झूठ—सच को सच कहा जाए।

आँखों में आँखें डालकर बात कही जाए ,

उसूलों की खातिर चाहे दुनिया से ही लड़ा जाए ।

मौत आती है—तो आने दिया जाए,

जब तक साँस है, सीना तानकर चला जाए।

झुकना फ़ितरत नहीं अपनी, तूफ़ानों से भी टकराया जाए।

जो डराते हैं अंजाम से,उन्हें अपने हौसले का पता बताया जाए।

और जब कभी ख़ुद से अकेले में मिला जाए,

तो नज़रें अपनी नज़र से मिला पाएँ।

आँखों में शर्म नहीं—स्वाभिमान हो, सीना गर्व से और चौड़ा हो जाए।

फिर जब इस दुनिया से जाना पड़े,तो खाली हाथ क्यों जाया जाए?

कुछ ऐसा भी कर जाएँ इस सफ़र में,कि जाने के बाद भी याद किया जाए।

नाम हो या न हो किसी किताब में,लेकिन एक अफ़सोस बनकर मरा न जाए ।

किसी मज़लूम की दुआ में अगर ,मेरा ज़िक्र एक बार भी आए

तो  मेरा जीना सार्थक हों जाए ।

यहाँ से जाने से पहले कुछ इंक़लाब किया जाए।

जो इंसान होने का दावा है अपना,

उसे इंसान बनकर निभाया जाए।

अपने लिए तो सभी जीते हैं,

थोड़ा दूसरों के लिए भी जिया जाए।

किसी की बुझती आँख में उम्मीद बनकर,

किसी  अँधेरे घर  एक में दिया जलाया जाए।

 

जब तक साँस है—सीना तानकर चला जाए,

और जाने से पहले कुछ इंक़लाब किया जाए।


और अगर कभी इतिहास पूछे—

तुमने अपने दौर में क्या किया था?


तो सिर उठाकर बस इतना कहा जाए—


हमने झुकना नहीं सीखा था,

हमने बिकना नहीं सीखा था,

हमने सच कहना सीखा था,

और जहाँ ज़रूरत पड़ी—

वहाँ इंसान के लिए

इंसान बनकर खड़ा होना सीखा था।


इसलिए जब तक साँस है—

सीना तानकर चला जाए,

और जाने से पहले

कुछ इंक़लाब किया जाए।

*************************


फिर क्या ऐसे ही जिया जाए  

हाथ पे हाथ रखकर बैठा जाए 

अगर कोई तुम्हारे स्वाभिमान से खेले 

तो उसे जवाब न दिया जाए 

सबकी हाँ में हां मिला ली जाए 

गुलामी की जंजीर फिर पहन ली जाए 

सच को सच न कहा जाए 

झूठ फ़रेब से मुकाबला न किया जाए 

यूँही देखकर सबकुछ अनदेखा किया जाए 

या फिर उठा जाए आग पानी में लगायी जाए 

तोड़कर पहाड़ों को नदी फिर से बहाई जाए 

जुगनुओं को फिर से आफताब बनाया जाए 

ये हिम्मत जुटाई जाए झूठ को झूठ कहा जाए 

आंखों में आंखे डालकर सच कहा जाए 

मौत आती है तो आ जाए 

जब तक साँस है सीना तान कर चला जाए 

जो कभी खुद से अकेले में  मिला जाए 

आंखों में अभिमान और सीना चौड़ा हों जाए 

जब यहां से जाया जाए

उससे पहले  कुछ इंकलाब किया  जाए 

शहीदों में मेरा भी नाम लिया जाए 

जो इंसान है हम इंसान नज़र आया जाए  

अपने बढ़कर थोड़ा ही  सही  दूसरों के लिए भी जी लिया  जाए 


No comments:

Post a Comment